Friday, July 10, 2026

साइंस कॉलेज दुर्ग की छात्रा वंदना हरिनखेड़े बनीं MP की माइनिंग इंस्पेक्टर

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इन्दौर

दुर्ग : न्यूज़ 36 : शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) दुर्ग की छात्रा वंदना हरिनखेड़े ने मध्य प्रदेशलोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।

महाविद्यालय के भूगर्भशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि सत्र 2024-25 की एमएससी भूगर्भशास्त्र की छात्रा वंदना का चयन एमपीपीएससी की परीक्षा में हुआ है। वंदना ने लिखित परीक्षा में 450 में से 219 अंक तथा साक्षात्कार में 50 में से 32 अंक प्राप्त कर कुल 500 में 251 अंक हासिल किए। भूगर्भशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वंदना ने एमएससी भूगर्भशास्त्र की परीक्षा भी 78 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्तीर्ण की थी। वंदना व्यवसायी नंद किशोर हरिनखेड़े एवं गृहिणी निशा हरिनखेड़े की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ साइंस कॉलेज के भूगर्भशास्त्र विभाग के शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने वंदना को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और यह कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी साइंस कॉलेज दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग के पांच विद्यार्थियों का चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में हुआ था। वहीं छात्र धर्मेश देशमुख का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से नई दिल्ली में जियोलॉजिस्ट के पद पर हुआ था।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news