दुर्ग : न्यूज़ 36 : पथरिया क्षेत्र में एक अंडा रोल विक्रेता से मारपीट कर नगदी लूटने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
शुरु कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अंडा रोल का ठेला लगाकर ग्राम पथरिया बाजार में बिक्री करने गया था। बाजार समाप्त होने के बाद वह रात करीब 8:30 बजे ठेला लेकर घर लौट रहा था।
रास्ते में रोककर की मारपीट
सीताराम साहू के खेत के सामने पहुंचने पर डोमा की ओर से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उसे रोक लिया। आरोपी ने पहले विवाद किया और फिर उसके साथ मारपीट कर दी।
गल्ले से ₹1700 लूटकर फरार
मारपीट के बाद आरोपी ठेले के गल्ले में रखे करीब 1700 रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वह आरोपी को पहचान नहीं पाया और न ही बाइक का नंबर देख सका।
सरपंच को बताई घटना, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित ने गांव के सरपंच गौरव मढ़रिया और ललित कुमार साहू को जानकारी दी। दोनों के साथ वह थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
