सीवरेज लाइन की सफाई करने पहुंचे कर्मचारियों ने देखा, करीब 2-3 दिन पूर्व से पड़ा था, जांच में जुटी भट्ठी पुलिस
भिलाई : न्यूज़ 36 : भट्ठी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 में बुधवार सुबह गटर की सफाई के दौरान एक नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सड़क नंबर 11 और 12 के बीच सीवरेज लाइन जाम होने की शिकायत के बाद बीएसपी प्रबंधन की ओर से सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारियों की नजर गटर के अंदर पड़े नवजात पर पड़ी।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 की सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर जाम होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत बीएसपी प्रबंधन से की थी। शिकायत के बाद बुधवार सुबह सीवरेज लाइन की सफाई शुरु कराई गई। सफाई के दौरान कर्मचारियों को गटर के भीतर नवजात दिखाई दिया। नवजात की उम्र करीब दो से तीन दिन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। नवजात के गटर में मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना पर भट्ठी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। पुलिस की मौजूदगी में नवजात को गटर से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
किसने और कैसे छोड़ा, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात को गटर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं। पुलिस पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में हुई संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की आवाजाही की भी जानकारी जुटा रही है।
भट्ठी थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। नवजात की मौत के कारण और उसे गटर तक पहुंचाने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
