दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार शादी समारोह से लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार 7 मई की रात करीब 7.45 बजे टायर फैक्ट्री डौकीडीह रोड, अंडा के पास रेखा बाई साहू (42), निवासी उतई अपने बहनोई और परिवार के अन्य सदस्य के साथ बाइक से गुंडरदेही से उतई लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया। मवेशी से टकराने के बाद तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में रेखा बाई साहू के सिर पर गंभीर चोटें आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान रेखा बाई साहू ने दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
SDOP पाटन अनुप लाकरा ने बताया कि मवेशी के अचानक सड़क पर आ जाने के कारण दुर्घटना हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
