Saturday, August 29, 2026

लैब में ब्लड सैंपल के साथ बनाई रील, दुर्ग अटल आरोग्य की महिला तकनीशियनों को नोटिस जारी

सिविल सर्जन बोले : मर्यादा में रहना चाहिए

दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार वजह किसी मरीज की जांच रिपोर्ट नहीं,बल्कि लैब के अंदर काम कर रहे महिला तकनीशियन की बनाई रील है। लैब में काम के दौरान बनाई गई रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं।

मामले में अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि रील कब और किस परिस्थिति में बनाई गई। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो बनाने के दौरान तकनीशियन अपनी ड्यूटी पर था या नहीं और लैब के काम पर इसका कोई असर पड़ा या नहीं।

मरीजों के सैंपल के बीच रील, अब जवाब-तलब

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का अहम हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लिए जाते हैं और उनकी जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, लैब में करीब 134 तरह की जांच मुफ्त की जाती हैं। इस लैब का संचालन एचएलएल कंपनी के जरिए किया जा रहा है।

मरीजों के सैंपल की जांच और रिपोर्ट तैयार करने वाली लैब में कर्मचारी के रील बनाने का वीडियो सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग अब यह जांच कर रहा है कि रील बनाने के लिए लैब के किस हिस्से का इस्तेमाल किया गया था और क्या वीडियो में मरीजों के सैंपल या जांच से जुड़ी कोई जानकारी दिखाई दे रही है।

एचआईवी रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद

कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद हुआ था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 साल के युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए तो उसकी दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से पूरी जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।

अब रील ने फिर खड़े किए सवाल

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब या कार्यस्थल पर इस तरह वीडियो बनाना ड्यूटी के प्रति लापरवाही है। मामला संज्ञान में आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news