Sunday, May 17, 2026

पुलिस पेट्रोल पंप में मारपीट मामले में और फरार दो आरोपी भी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : सेक्टर-06 परिवार चौक में राहगीर से मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर ने बताया कि 15 मई 2026 की रात प्रार्थी अपनी कार से सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भराने जा रहा था। रात करीब 11:35 बजे परिवार चौक के पास मोबाइल पर बात करने के लिए वाहन रोकने के दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद जब प्रार्थी सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा, तब चारों युवक वहां खड़े मिले। प्रार्थी ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्टाफ की मदद से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी भाग निकले थे।

सूचना मिलने पर भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों रितिक चौहान एवं अभिषेक वासनिक को हिरासत में लेकर अपराध क्रमांक 257/2026 धारा 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पूर्व में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

विवेचना के दौरान फरार आरोपी दीपक घरडे और राहुल भौतिक की तलाश जारी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 17 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक घरडे निवासी नेहरू नगर सुपेला एवं राहुल भौतिक निवासी कोसा नगर सुपेला शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकल भी जब्त की है।

पुलिस ने बताया कि शराब पीने के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। पूरे मामले में थाना भिलाई नगर पुलिस एवं पेटोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता से आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news