Friday, May 8, 2026

छावनी में चाकूबाजी के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते तीन आरोपियों का निकाला जुलूस

जेल से छूटे बदमाश ने रंजिश में हमाल पर किया हमला, चौक पर उठक-बैठक करवाकर भेजा जेल

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। जेल से हाल ही में छूटकर आए एक बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते फल मंडी में हमाली करने वाले युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनका इलाके में जुलूस निकाला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूर्या नगर कैंप-2 भिलाई निवासी हेमराज निषाद उर्फ प्रिंस पावर हाउस स्थित फल मंडी में हमाली का काम करता है। बताया गया कि कुछ दिन पहले नंदनी रोड पर उसकी बाइक शाहरूख खान की बाइक से टकरा गई थी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

बताया जा रहा है कि 5 मई की रात करीब 10:30 बजे हेमराज मंडी में काम खत्म कर अपने साथी हमाल के साथ घर लौट रहा था। तभी मंडी के बाहर पहले से घात लगाए बैठे शाहरूख खान ने अपने दो साथियों के साथ उसे रोक लिया। आरोपी पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे और बाइक को ठोकर मारते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शाहरूख ने धारदार नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिससे हेमराज की बाईं पसली के पास गंभीर चोट आई।

घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत मिलते ही छावनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहरूख खान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का मोहल्ले में जुलूस निकाला। इस दौरान चौक पर उनसे उठक-बैठक भी करवाई गई। बाद में तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और धारदार हथियार से हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news