Wednesday, May 20, 2026

आईएएस कावरे का जीवन संघर्ष जान कर भावुक हुए लोग, दी “कर्मवीर” की उपाधि

छत्तीसगढ़ के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने मिलकर भिलाई में किया सार्वजनिक अभिनंदन

भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ के 12 प्रमुख सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने मिलकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के पूर्व कमिश्नर, बेमेतरा तथा जशपुर जिले के पूर्व कलेक्टर और वर्तमान आयुक्त सहकारिता विभाग छत्तीसगढ़ शासन महादेव कावरे का सम्मान कर उन्हें “कर्मवीर” की मानद उपाधि प्रदान की।
कला मंदिर सिविक सेंटर में लगभग 500 से अधिक भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, बालोद, बस्तर और बीजापुर से आए आम नागरिकों की उपस्थिति में महादेव कावरे के जीवन और संघर्षों पर लोगों ने प्रकाश डाला। बीजापुर बस्तर के दूरस्थ और सुविधाओं से वंचित गांव “बोर्जे” से निकल कर, आयुक्त पद तक पहुंचने की मिसाल पेश करने वाले महादेव कावरे के जीवन संघर्ष को जानकर ज्यादातर लोग भावुक हो गए। आईएएस कावरे के साठवें जन्मदिन पर हुए इस कार्यक्रम की शुरुआत विश्वरत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर बीजापुर से आए 30 लोगों के परिवार ने भी अपने आशीर्वाद से माहौल को भावुक कर दिया। सुगत बुद्ध विहार भिलाई तीन की महिलाओं के दल ने बुद्ध के धम्म चक्र में अंकित 24 तीलियों के बारे में मनोहारी प्रस्तुति दी। दुर्ग के वरिष्ठ नाट्य निर्देशक-रंगकर्मी राकेश बमबार्डे और लोक कवि लक्ष्मी नारायण कुंभकार तथा उनकी टीम ने महादेव कावरे के संघर्षों पर विशेष रूप से निर्मित सम्मान गीत गाया।
मूलनिवासी कला साहित्य और फिल्म फेस्टिवल भिलाई के अध्यक्ष और भिलाई स्टील प्लांट के पूर्व सीजीएम एल उमाकांत ने महादेव कावरे द्वारा बेमेतरा कलेक्टर के रूप में आम लोगों के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया। दुर्ग संभाग के पूर्व कमिश्नर दिलीप वासनीकर ने अपने कार्यकाल के दौरान महादेव कावरे की प्रशासकीय क्षमता को विशेष रूप से उल्लेखित किया।
बीजापुर से आए सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश रामटेके ने कर्मवीर महादेव कावरे के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पर प्रकाश डाला। सम्मान समारोह में मूलनिवासी कला साहित्य और फिल्म फेस्टिवल के साथी और बीएसपी के जी एम प्रभाकर खोबरागड़े , सोशल जस्टिस एंड लीगल फाउंडेशन के को-फाउंडर अनिल कुमार बनज, रायपुर डॉ अंबेडकर एग्जीक्यूटिव फ्रेटरनिटी भिलाई के अध्यक्ष और बीएसपी के जी एम कमल टंडन, डॉ अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष सुनील रामटेके , भारतीय बौद्ध महासभा भिलाई 1119 के अध्यक्ष विनोद वासनिक, सावित्री बाई फुले एजुकेशनल एकेडमी रायपुर की डॉ स्नेहलता हुमने, धम्मभूमि सांस्कृतिक समिति हाउसिंग बोर्ड भिलाई के अध्यक्ष संदीप चौरे, समता सैनिक दल छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप रा गा से, बौद्ध कल्याण समिति कोसानगर के अध्यक्ष नेक राम रामटेके भिलाई , रिबॉर्न डीएमए इंडिया के संपादक डॉ संजीव ख़ुदशाह रायपुर, डॉ बी आर अंबेडकर शिक्षा समिति स्टेशन मरोदा भिलाई के विजय ऊके, आई आई टी दिल्ली में एम टेक के दौरान सहपाठी और आई पी एस आर के देवांगन, अपर संचालक जनसंपर्क आलोक देव, द बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया भिलाई की वर्षा बागडे और विज्ञान आश्रम कसेकेरा के संचालक एवं पूर्व अपर कलेक्टर विश्वास मेश्राम ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर कर्मवीर महादेव कावरे के जीवन पर पंकज मेश्राम द्वारा निर्देशित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। अंत में ए ई एफ के एस पी निगम ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद और रायपुर से आई सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अंजू मेश्राम ने किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news