अवैध शराब के खिलाफ भी सख्ती
भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत जिलेभर में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। 10 से 12 जुलाई के बीच सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 114 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
जिलेभर में बस स्टैंड, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तालाब, पार्क, सुनसान इलाकों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
अवैध शराब बेचने वालों पर भी पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने अभियान के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री के मामलों का भी खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध शराब और बिक्री से प्राप्त नगदी जब्त की।
सबसे ज्यादा कार्रवाई जामुल में
10 से 12 जुलाई के बीच की गई कार्रवाई में सबसे अधिक जामुल थाना क्षेत्र में 10, जबकि उतई, नेवई और पुरानी भिलाई में 9-9, मोहन नगर में 8, भिलाई नगर और दुर्ग में 7-7, छावनी और नंदिनी नगर में 6-6, धमधा, खुर्सीपार और पाटन में 5-5 लोगों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा सुपेला, अमलेश्वर, वैशाली नगर, पुलगांव, स्मृतिनगर, जामगांव (आर), जेवरा-सिरसा, कुम्हारी, मचांदूर और रानीतराई थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।
जन सहयोग की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अवैध शराब बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि आम जनता के सहयोग से जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण बनाए रखने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
