Wednesday, November 25, 2026

दुर्ग पुलिस का बड़ा अभियान, अवैध शराब पर 13 प्रकरणों में 14 आरोपियों पर कार्रवाई

आठ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, उतई में शराब बेचते दो युवक गिरफ्तार, 30 पौवा देशी शराब व नकदी जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्ती दिखाई है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 13 प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध शराब की बिक्री करने वालों के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों को भी निशाने पर लिया गया।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को सुबह 6 बजे तक जिले के आठ थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें नंदिनी, जामगांव, अमलेश्वर, भिलाई नगर, धमधा, बोरी, पाटन और दुर्ग थाना क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा उतई पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर अलग से कार्रवाई की।

गोल्डन कॉम्प्लेक्स के पास शराब बेचते पकड़े गए दो युवक

उतई पुलिस को 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि गोल्डन कॉम्प्लेक्स के पास दो युवक अवैध रूप से देशी शराब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर एमेन्द्र वर्मा (22 वर्ष), निवासी महावीर चौक, ग्राम मटंग और शुभम महिपाल (22 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ग्राम मटंग को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान एमेन्द्र वर्मा के कब्जे से शोले कंपनी की देशी प्लेन शराब के 30 पौवा, कुल 5.40 बल्क लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। वहीं शुभम महिपाल के पास से शराब बिक्री की 150 रुपये नकद राशि मिली।

पुलिस ने शराब और नकदी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 562/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई।

धमधा थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा पांच मामले
थानावार कार्रवाई में धमधा पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। वहीं दुर्ग, नंदिनी, जामगांव, अमलेश्वर, भिलाई नगर, बोरी और पाटन थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपी अवैध शराब का संग्रहण कर सार्वजनिक स्थानों पर बिक्री कर रहे थे, जबकि कुछ लोग सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करते पाए गए। ऐसे सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अवैध शराब की सूचना देने पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं करने और नशे से दूर रहने की भी समझाइश दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news