Tuesday, July 14, 2026

दुर्ग में लाठी-डंडे-ईंट और चाकू से हमला करने वाले एक ही परिवार के 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग में जेल से छूटते ही बदला लेने पहुंचे लिस्टेड बदमाश लेखराम कोठारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुए पुराने विवाद के चलते रविवार रात वारदात को अंजाम दिया गया। हमले में उसके परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, ईंट, चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। यह मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंद्रापारा इलाके का है।

जैतखाम के पास हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे कुंद्रापारा स्थित जैतखाम के पास हुई। उस समय अक्षय कोठारी, उसका भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी वहां मौजूद थे। इसी दौरान चेलक पक्ष के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, लेखराम कोठारी और चेलक पक्ष के बीच पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट हुई थी, जिसके बादमामला पद्मनाभपुर थाने पहुंचा था। पुलिस ने विवाद के बाद लेखराम के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया था।

रविवार को जेल से छूटने के बाद आदतन बदमाश लेखराम कोठारी अपने साथियोंके साथ चेलक पक्ष के लोगों से बदला लेने पहुंच गया। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद मारपीट में बदल गया।

लाठी-डंडे, ईंट और चाकू से हमला

आरोप है कि दूसरे पक्ष के 7 से 8 लोगों ने लेखराम को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई की। हमलावरों ने एक राय होकर लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से चारों लोगों पर हमला कर दिया।

अस्पताल में हुई मौत, तीन घायलहमले में लेखराम कोठारी को सबसे ज्यादा चोटें आईं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके परिवार के तीन अन्य घायल सदस्यों का अस्पताल में इलाज जारी है।

एक ही परिवार के 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हमले में शामिल एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लियाहै। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे, ईंट, चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मी चेलक (35), आकाश चेलक (26), सत्यम चेलक (33), खेलू चेलक (32), प्रकाश चेलक (29) और देवचंद चेलक (34) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंद्रापारा के निवासी हैं और एक ही परिवार से हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की।

तीन साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजहपुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब तीन साल पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने योजना बनाकर दूसरे पक्ष के लोगों को घेरा और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात

हत्या की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news