दुर्ग : न्यूज़ 36 : हत्या के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को उतई पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और लगातार पुलिस प्रयासों के चलते वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार थाना उतई में दर्ज अपराध क्रमांक 240/2024 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या के मामले की विवेचना की जा रही है। इस प्रकरण में पहले ही दीपजोत कौर संधु उर्फ निक्की और एक अपचारी बालिका को 14 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और मेमोरेण्डम के आधार पर फरार आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी (30 वर्ष) की तलाश की जा रही थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आरोपी की लोकेशन नागपुर (महाराष्ट्र) में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹9,000 नकद भी जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, आरक्षक ध्रुवनारायण चन्द्राकर तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार अपराधियों या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
