सुपेला पुलिस ने छीना गया मोबाइल किया बरामद
भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रा-मौर्या तिराहा के पास रात में राहगीर से मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने राहगीर का गला दबाने का प्रयास करने के बाद विरोध के दौरान उसके हाथ से मोबाइल फोन बलपूर्वक छीन लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया Realme कंपनी का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे की है। प्रार्थी सिद्धार्थ खोब्रागड़े, जो धमधा नाका दुर्ग के पास चश्मे की दुकान लगाते हैं, खाना खाने के बाद कैम्प-01 स्थित अपने घर से टहलने निकले थे। चंद्रा-मौर्या तिराहा के समीप सर्विस रोड पर ओम साईं राम बंगले के पास एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और गला दबाने का प्रयास किया। प्रार्थी ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके हाथ से Realme मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी ने 13 अगस्त को सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरु कर आरोपी की पहचान और तलाश शुरु की। इसी दौरान 15 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बी.एम. शाह अस्पताल के पास रामनगर मार्केट में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर सुपेला पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन नेताम (30 वर्ष), निवासी कैम्प-01, शास्त्री चौक, बी.एम. शाह अस्पताल के पास, मानिक होटल वाली गली, थाना छावनी, जिला-दुर्ग बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने राहगीर से मोबाइल छीनने की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से बरामद मोबाइल की पहचान प्रार्थी के फोन के रुप में हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे 15 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।
रात में अकेले राहगीरों को बनाता था निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय सुनसान अथवा सर्विस रोड पर अकेले जाने वाले राहगीरों को निशाना बनाता था। वह पहले राहगीर के पास पहुंचकर उसे डराने या गला दबाने का प्रयास करता और विरोध करने पर मोबाइल जैसे कीमती सामान को बलपूर्वक छीनकर फरार हो जाता था। घटना के बाद छीने गए मोबाइल को बेचने के लिए ग्राहक तलाशते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह, सउनि गंगाराम रावत, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद तिवारी, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह और अजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से रात में आवागमन के दौरान मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
