भिलाईः लगातार तीन महीने तक चली खींचतान के बाद आखिरकार सोमवार को भिलाई नगर निगम की महापौर परिषद (एमआइसी) की बैठक होने जा रही है। दोपहर तीन बजे निगम मुख्यालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में शहर के विकास और प्रशासन से जुड़े 37 प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। लंबे समय से बैठक नहीं होने के कारण कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित हैं, ऐसे में इस बैठक को निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। दरअसल, महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के बीच तल्खी की वजह से एमआइसी की बैठक नहीं हो सकी। इस दौरान छह बार बैठक बुलाने की कोशिश हुई, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसका असर निगम के विकास कार्यों और नीतिगत फैसलों पर भी पड़ा। एक सप्ताह पहले हाईकोर्ट ने निगम आयुक्त को हटाने की याचिका खारिज कर दी।
शहर के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर होगी चर्चा
बैठक में नई सड़क, नाली व भवन निर्माण, पेयजल व्यवस्था में सुधार, सफाई व कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, वित्तीय, बजट संबंधी विषयों के अलावा टेंडर स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना, संपत्ति कर, बाजार शुल्क, उद्यान, तालाब, सामुदायिक भवनों के विकास और पिछले एमआइसी निर्णयों के पालन की समीक्षा जैसे कुल 37 प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
