दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिला चिकित्सालय दुर्ग में विशेषज्ञ चिकित्सकों और चिकित्सा अधिकारियों की पहले से बनी कमी के बीच अब मेडिसिन विभाग के प्रमुख (एचओडी) डा. देवेंद्र साहू ने भी इस्तीफे के लिए प्रबंधन को आवेदन सौंप दिया है। इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने की आशंका है। इससे पहले भी तीन चिकित्सक इस्तीफा देकर जा चुके हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1600 मरीज़ उपचार के लिए पहुंचते हैं। 500 बिस्तरों वाले जिला चिकित्सालय में स्वीकृत सेटअप के अनुसार 42 विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 22 विशेषज्ञ ही कार्यरत हैं। चिकित्सा अधिकारियों की स्थिति भी चिंताजनक है। स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 23 चिकित्सा अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि 19 चिकित्सा अधिकारी पीजी की पढ़ाई के लिए अवकाश पर हैं। मेडिसिन विभाग के एचओडी डा. देवेंद्र साहू जुलाई 2022 से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने इस्तीफे के लिए आवेदन दिया है। सूत्रों के अनुसार वे किसी अन्य संस्थान में सेवाएं देने की तैयारी में हैं।
मेडिसिन एचओडी डा. देवेंद्र साहू ने इस्तीफे के लिए आवेदन दिया है। जिला अस्पताल में स्टाफ की कमी के संबंध में समय-समय पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाता रहा है।
– डा. आशीष मिंज, (सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय दुर्ग)
