छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल SGARH PROFESSIONAL EXAMINATION BOARD व्यापम विद्या सर्वार्थ साधनम्
26 अप्रैल को परीक्षा, 123 केंद्र बनाए गए, सख्त दिशा-निर्देश जारी
दुर्ग : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। दुर्ग जिले में परीक्षा के लिए कुल 123 केंद्र बनाए गए है, जहां 38,937 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
समय और प्रवेश नियम
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया है। केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
ड्रेस कोड और प्रतिबंध
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है-
हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े अनिवार्य
चप्पल पहनकर आना होगा
गहरे रंग (काला, नीला, हरा, जामुनी, मैरून, चॉकलेटी) के कपड़े प्रतिबंधित
धार्मिक/सास्कृतिक पोशाक वालों को पहले आकर अतिरिक्त जांच करानी होगी
क्या लाना है और क्या नहीं
केवल काला या नीला बॉल पेन लाने की अनुमति
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक या अन्य सामग्री प्रतिबंधित
कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पहले अपने केंद्र का निरीक्षण करने की सलाह दी है ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अनुचित साधनों के उपयोग पर अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
