267 ग्राहकों की ऋण राशि गबन करने का आरोप, कंपनी के ऑडिट में खुली बड़ी गड़बड़ी
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के धमधा स्थित सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की शाखा में 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के ऑडिट में वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद धमधा पुलिस ने शाखा के पूर्व मैनेजर सहित चार कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
ऑडिट में खुला करोड़ों के गबन का राज
पुलिस के अनुसार, सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट हेड अशोक कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी कंपनी का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ अनुबंध है, जिसके तहत महिलाओं को लघु ऋण उपलब्ध कराया जाता है। मई 2026 में धमधा शाखा के ऑडिट के दौरान भारी वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
267 ग्राहकों से वसूली, कंपनी में नहीं की जमा
जांच में पता चला कि शाखा के पूर्व मैनेजर रविशंकर दीवान, कर्मचारी अनिल विश्वकर्मा, देवव्रत कौशल और संदीप खटियारे ने मिलकर 267 ग्राहकों से लोनकी राशि, मासिक किस्त, लोन क्लोजर की रकम और अन्य भुगतान लेकर कंपनी में जमा नहीं किए। आरोप है कि चारों ने ग्राहकों के एटीएम कार्ड और बैंकिंग जानकारी का भी दुरुपयोग किया तथा रिकॉर्ड में हेरफेर कर गबन को छिपाने का प्रयास किया।
नोटिस के बाद भी नहीं लौटाई रकम
कंपनी ने ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर चारों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर गड़बड़ी की राशि जमा करने और स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया था, लेकिन उन्होंने न तो कोई जवाब दिया और न ही राशि जमा की। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी।
धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 0176/26 दर्ज करते हुए आरोपी रविशंकर दीवान, अनिल विश्वकर्मा, देवव्रत कौशल और संदीप खुटियारे के खिलाफ धारा 316(5), 318(4) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।
ग्राहकों और कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान
कंपनी का आरोप है कि आरोपियों की करतूत से 267 ग्राहक प्रभावित हुए हैं और कंपनी को 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंची है। पुलिस अब मामले की जांच कर गबन की गई राशि की बरामदगी और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
