Wednesday, October 28, 2026

साफ्टवेयर से लिफ्ट की होगी निगरानी

दुर्ग स्टेशन में रेलवे एक माह में लगाएगा यह सिस्टम, मिलेगी राहत

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर में तकनीकी खराबी आने पर यात्रियों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए रेलवे नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

आइ नियंत्रक साफ्टवेयर के माध्यम से इन सुविधाओं की कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे उपकरणों की कार्यप्रणाली पर आनलाइन नजर रखी जा सकेगी और तकनीकी गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल इसकी जानकारी मिल सकेगी। इससे खराबी का पता लगाने और मरम्मत शुरू करने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।

दुर्ग स्टेशन पर लिफ्ट या एस्केलेटर बंद होने का खामियाजा सबसे ज्यादा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को भुगतना पड़ता है। भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए भी सीढ़ियों से प्लेटफार्म तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

खासकर ट्रेन के आने का समय नजदीक होने पर परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को सामान लेकर सीढ़ियां चढ़नी-उतरनी पड़ती हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए यह स्थिति जोखिम भरी भी हो जाती है।

यात्रियों को यह मिलेगा लाभ

वर्तमान में लिफ्ट या एस्केलेटर में खराबी आने पर यात्रियों की शिकायत अथवा कर्मचारियों के माध्यम से इसकी जानकारी मिलती है। इसके बाद तकनीकी टीम सुधार कार्य करती है। लाइव मानिटरिंग की व्यवस्था लागू होने पर उपकरणों की स्थिति पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जा सकेगी। इसका लाभ यह होगा कि खराबी की सूचना मिलने के साथ मरम्मत समय पर हो सकेगी। वर्तमान में उक्त स्टेशन में सुविधाओं का विस्तार भी हो रहा है। भविष्य में लिफ्ट-एस्केलेटर की संख्या भी बढ़ेगी। ऐसे में आइ नियंत्रक साफ्टवेयर से लिफ्ट-एस्केलेटर की निगरानी और भी अहम हो जाएगी।

दुर्ग स्टेशन में दो एस्केलेटर, तीन लिफ्ट, ये यात्रियों के लिए उपयोगी

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक-एक पर एस्केलेटर की सुविधा है। इसके अलावा स्टेशन परिसर में तीन स्थानों पर लिफ्ट लगाई गई हैं। इनका उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री करते हैं। ऐसे में इन सुविधाओं का नियमित रखरखाव और निर्बाध संचालन जरूरी है। उल्लेखनीय है कि दुर्ग रेलवे स्टेशन से औसतन प्रतिदिन 40 हजार यात्री आना जाना करते हैं। इस स्टेशन से 96 यात्री ट्रेनों का प्रतिदिन परिचालन होता है। यह सुविधा पावर हाउस रेलवे स्टेशन में शुरू होने वाले एस्केलेटर में भी लगाई जाएगी।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news