ड्राइवर के लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को लिखा पत्र
दुर्ग : न्यूज़ 36 : स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस दुर्ग ने दो दिनों में दो स्कूल वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा है। पुलिस ने संबंधित स्कूल बस और वैन को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय में पेश किया है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
ब्रीथ एनालाइजर जांच में सामने आई लापरवाही
यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से स्कूल बस एवं वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 10 जुलाई को निरीक्षक जे.आर. कुरें और उनकी टीम ने कुम्हारी स्थित श्री स्कूल की बस के चालक को 180 mg/100 ml अल्कोहल के प्रभाव में बस चलाते हुए पकड़ा।
वहीं 13 जुलाई को श्री राम स्कूल की वैन का चालक 70 mg/100 ml अल्कोहल के प्रभाव में वाहन चलाते मिला। अभियान के दौरान एक अन्य स्कूल वाहन चालक भी नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
स्कूल प्रबंधन को नोटिस, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरु
यातायात पुलिस ने सभी संबंधित स्कूल वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय भेज दिया है। संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
यातायात पुलिस की सख्त चेतावनी
यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी स्कूल संचालकों और प्रबंधन से अपील की है कि वे अपने वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराएं। किसी भी स्थिति में शराब या अन्य नशे के प्रभाव में वाहन चलाने वाले चालक को बच्चों के परिवहन की जिम्मेदारी न सौंपें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

