भिलाई : न्यूज़36 :खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को घायल युवक ने दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी मामले में एक अन्य युवक की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गोलू सिंह एक युवक को बैट से मार रहा था।
रजत और सुनील ने बीच बचाव कर युवक को रोकने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर आरोपी गोलू सिंह गाली गलौज करने लगा और अचानक चाकू निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में रजत के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से वार किए गए। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन दोनों घायलों को तत्काल सुपेला के शासकीय अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पहले रजत कुशवाहा की मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल सुनील ने घटना के 13वें दिन शुक्रवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
आनन्द शुक्लाने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की आगे की जांच जारी है।
