भिलाई : न्यूज़ 36 : बाल कल्याण एवं बाल साहित्य शोध केंद्र भोपाल के तत्वावधान में सत्रहवां वार्षिक आयोजन व बाल साहित्यकार सम्मान समारोह का वृहद व भव्य आयोजन हाल ही में आयोजित किया गया। इस सम्मान समारोह में पन्नालाल शर्मा बाल साहित्यकार सम्मान दुर्ग छत्तीसगढ़ के कवि व बहुचर्चित बाल साहित्यकार कमलेश चंद्राकर को प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि कमलेश चंद्राकर के सचित्र व रंगीन पांच बालगीत संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं प्रत्येक कृति में साहित्य के विद्वानों के मानीखेज विचार व विश्लेषण भी समादृत हैं। कई कृतियां अभी प्रकाशनाधीन हैं। गरिमामंडित राष्ट्रीय स्तर के बाल साहित्य सम्मान समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ बाल साहित्यकार डाॅ. कुमकुम गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मनोहर मतलानी थे। सारस्वत अतिथि योग, आयोग के अध्यक्ष डाॅ. राघवेंद्र शर्मा व विशेष अतिथि प्रो. सौरभ प्रकाश की उपस्थिति में संपन्न कार्यक्रम का सफल संचालन मधुलता शर्मा ने किया। इस समूचे आयोजन के सूत्रधार केंद्र के निदेशक महेश सक्सेना विगत सत्रह वर्षों से बाल साहित्य के सर्वांगीण विकास, संरक्षण व संवर्धन के लिए पूर्णतः समर्पित हैं, प्रतिबद्ध हैं। यह एक विशेष उल्लेखनीय व अनुकरणीय आयोजन था जिसे उसके प्रभाव ने अविस्मरणीय बना दिया।
