Tuesday, May 19, 2026

हैदराबाद में चल रहे IPL सट्टा पैनल का भंडाफोड़, 13 सटोरिये गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा

भिलाई : न्यूज़ 36 : आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छावनी थाना और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन सट्टा पैनल का पर्दाफाश कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन, म्यूल अकाउंट नेटवर्क और संगठित सट्टा सिंडिकेट का खुलासा हुआ है।

म्यूल अकाउंट से चल रहा था करोड़ों का खेल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि 16 मई 2026 को छावनी पुलिस ने जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को विभिन्न बैंक खातों और दस्तावेजों के साथ पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे स्लम एरिया और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक इकट्ठा करते थे। इन खातों को कुरुद जामुल निवासी कुणाल वर्मा को 25 हजार रुपए प्रति पासबुक के हिसाब से बेचा जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम जमा कराने और निकासी के लिए किया जा रहा था। कुणाल वर्मा खुद “Sat Sport Book” नामक ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित करता था।

हैदराबाद में किराए के फ्लैट से चल रहा था सट्टा नेटवर्क

पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसीडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी में दबिश दी। यहां से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी स्थानीय युवकों को साथ लेकर क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहे थे।

5 करोड़ से ज्यादा ट्रांजेक्शन की जांच

पुलिस को विभिन्त्र बैंक खातों में लगभग 5 करोड़ रुपए के लेनदेन के सबूत मिले हैं। मामले में साइबर फ्रॉड से जुड़े 63 शिकायतों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब पूरे सिंडिकेट से जुड़े म्यूल अकाउंट्स और आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है।

कुणाल वर्मा निकला मास्टरमाइंड

जांच में सामने आया कि कुणाल वर्मा पूरे पैनल का मास्टरमाइंड है। वह ऊपर से पैनल खरीदकर नीचे सट्टा नेटवर्क को संचालित करता था और म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। पुलिस अब उसके ऊपर के नेटवर्क और चैनल की भी जांच कर रही है।

भारी मात्रा में सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड, लगभग 20 सिम कार्ड और 2 लाख 57 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। कुल जब्ती करीब 10 लाख रुपए की बताई जा रही है।

संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं

मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत धारा 318(4), 319, 317(2), 317(4), 111, 61(2) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी हैं।

इस आईपीएल सीजन में 14वीं बड़ी कार्रवाई

दुर्ग पुलिस के अनुसार आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ यह 14वीं बड़ी कार्रवाई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news