दुर्ग : न्यूज़ 36 : नशे के विरुद्ध अभियान के तहत मोहन नगर क्षेत्र में अवैध हुक्का व इलेक्ट्रानिक सिगरेट बिक्री करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मालवीय नगर दुर्ग निवासी राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36) शामिल हैं। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
मोहन नगर पुलिस को बुधवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से – हुक्का पिलांने संबंधी तंबाखू उत्पाद एवं इलेक्ट्रानिक सिगरेट का भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों में रखे हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, चारकोल एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्रियों में हुक्का फ्लेवर 55 पैकेट, इलेक्ट्रानिक सिगरेट 40 नग, हुक्का नोजल चार पैकेट, हुक्का कोल चार पैकेट व छह सौ रुपये नकद शामिल है। मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश जैन और शैलेष जैन के खिलाफ धारा 21(1), 4 सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 तथा धारा 7 इलेक्ट्रानिक सिगरेट अधिनियम 2019 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।
