भिलाई : न्यूज़ 36 : वॉलीबॉल के उभरते सितारे शिखर सिंह का एचवीसी के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने स्वागत किया। शिखर सिंह वरिष्ठ भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं, जिन्होंने हाल ही में अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित AVC कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। वरिष्ठ भारतीय वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करने के अलावा, शिखर प्राइम वॉलीबॉल लीग के पहले संस्करण से ही खेल रहे हैं। उन्होंने उज्बेकिस्तान के फरगाना में आयोजित सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन (CAVA) पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। सर्विसेज टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता है l उन्होंने अपने वॉलीबॉल करियर की शुरुआत इस्पात क्लब, कुर्सीपार, भिलाई से की थी और बचपन से ही उनके उज्ज्वल भविष्य के संकेत मिलने लगे थे।
एचवीसी वॉलीबॉल ग्राउंड पर अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान शिखर सिंह का स्वागत एचवीसी के अध्यक्ष निर्मल सिंह और सचिव विनोद नायर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया l इस अवसर पर वरिष्ठ एचवीसी वॉलीबॉल कोच वी.एन. सोनी जी भी उपस्थित थे। अपने प्रेरणादायक भाषण में शिखर ने जूनियर खिलाड़ियों से कहा कि वे वॉलीबॉल को पूरी निष्ठा, मेहनत और जुनून के साथ खेलें। एचवीसी, भिलाई के सभी सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
