संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहर लाल नेहरु चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (सेक्टर-9 अस्पताल) के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। 14 जुलाई को होने वाले विरोध प्रदर्शन के समर्थन में यूनियन प्रतिनिधियों ने अस्पताल कर्मियों के बीच पर्चे वितरित कर चर्चा की और निजीकरण के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।
संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति जनता की सेवा के लिए है, किसी निजी कंपनी के मुनाफे के लिए नहीं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवा का उद्देश्य जनसेवा होना चाहिए, न कि लाभकमाना।
यूनियनों का आरोप है कि अस्पतालों के निजीकरण से गरीब, मध्यम वर्ग, श्रमिक, किसान, पेंशनभोगी और असंगठित क्षेत्र के लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा। उनका कहना है कि महंगी चिकित्सा सेवाओं के कारण आम लोगों की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ् सुविधाओं तक पहुंच सीमित हो सकती है।
यूनियनों ने सभी कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों और आम नागरिकों से 14 जुलाई को आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बचाने की मुहिम को समर्थन देने की अपील की।
