हज की अहमियत बताई आलिमे दीन ने, सभी ने मिल कर की दुआएं
भिलाई : न्यूज़ 36 : हज के मुबारक सफर पर जा रहे दुर्ग-भिलाई के खुशकिस्मत जायरीनों का इस्तकबालिया प्रोग्राम 19 अप्रैल रविवार की शाम कृष्णा गार्डन, शांति नगर में रखा गया। ट्रांसपोर्टर व समाजसेवी अब्दुल गनी खान और हज़रत बिलाल मस्जिद हुडको भिलाई के सदर शाहिद अहमद (रज्जन) की ओर से आयोजित इस प्रोग्राम में 40 से ज्यादा स्थानीय जायरीने हज का गुलपोशी और तोहफे के साथ इस्तकबाल किया गया। खास बात यह रही कि आयोजन में विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधियों ने जायरीनों का इस्तकबाल किया और इस्पात नगरी भिलाई की सांप्रदायिक सद्भावना को मजबूत किया।
इस दौरान जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम इकबाल अंजुम हैदर, जोन-3 मस्जिद के मुफ्ती जामई कमर, हुडको हजरत बिलाल मस्जिद के मुहम्मद माजिद और फरीद नगर नूरी मस्जिद के इमाम मौलाना जलालुद्दीन सहित मौजूद लोगों ने सभी जायरीनों के लिए हज के सफर की आसानी और हज की कुबूलियत के लिए दुआएं की। शुरुआत में अपनी तकरीर में आलिमे दीन ने हज की अहमियत औऱ इससे जुड़ी जरूरी बातें बयान की। सभी खुशकिस्मत जायरीनों को मुबारकबाद पेश की। फातिहा ख्वानी के साथ सलाम पेश किया गया और दुआएं की गई।
धार्मिक एकता की मिसाल बना आयोजन
इस आयोजन में सर्वधर्म प्रतिनिधियों ने शिरकत की। युवा समाजसेवी और सर्व समाज कल्याण समिति के प्रमुख इंद्रजीत सिंह छोटू ने जायरीनों का इस्तकबाल करते हुए कहा कि वहां जाने पर दुआओं में हम सभी को जरूर याद रखें। उन्होंने कहा कि इस मुबारक सफर पर जाने से पहले आप सभी का इस्तकबाल कर हम खुद को खुशनसीब मानते हैं। छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसवीर सिंह चहल ने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई का भाईचारा ऐसे आयोजनों से मजबूत होता है। उन्होंने सभी जायरीनों को मुबारकबाद पेश की। आयोजन में मौजूद वरिष्ठ पार्षद व महापौर परिषद सदस्य सीजू एंथोनी, पलविंदर सिंह रंधावा, सर्व समाज कल्याण समिति के महासचिव मलकीत सिंह और उपाध्यक्ष जोगा राव ने भी सभी जायरीनों का इस्तकबाल किया। आयोजन को सफल बनाने में जावेद खान, हुसैन अशरफी, अकबर बब्बू अली, शाहनवाज कुरैशी, उजैर कादरी, जहीर अहमद, अमीर अहमद, खलील अहमद, इसरार खान, शादाब अहमद, परवेज सलमानी, सैयद अली, माबूद अहमद, इनाम वकील, फलकनुमा मस्जिद के सदर जाकिर काजी, बोरसी मस्जिद के डॉ. आदिल, शफी अहमद, अब्दुल हक, सिद्दीकी, मस्जिद हजरत बिलाल के सेक्रेट्री नईमुद्दीन, आसिफ, लाला कुरैशी, हनीफ मोहम्मद, सलीम अहमद, नदीम निजामी और जमालुद्दीन सहित तमाम लोगों का योगदान रहा।
‘‘भिलाई जिंदाबाद’’ का इफ्तिताह, लेखक का किया सम्मान
इस मौके पर मौजूद तमाम मस्जिदों के इमाम और आयोजन समिति की ओर से इस्पात नगरी भिलाई पर आधारित किताब ‘‘भिलाई जिंदाबाद, कुछ किस्से-कुछ कहानियां’’ का इफ्तिताह (लोकार्पण) किया गया। जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम इकबाल अंजुम हैदर, जोन-3 मस्जिद के मुफ्ती जामई कमर, हुडको हजरत बिलाल मस्जिद के मुहम्मद माजिद और फरीद नगर नूरी मस्जिद के इमाम मौलाना जलालुद्दीन सहित तमाम लोगों ने अपने शहर भिलाई को जानने समझने के लिए इसे एक जरूरी किताब बताया। इस दौरान किताब के लेखक मुहम्मद जाकिर हुसैन का आयोजन समिति की तरफ से शाहिद अहमद रज्जन और तमाम आलिमे दीन ने इस्तकबाल किया। लेखक ने भी मंच से अपनी बात रखी। गौरतलब है कि ‘‘भिलाई जिंदाबाद’’ किताब का इजरा (विमोचन) गत दिनों राजधानी रायपुर में विख्यात फिल्मकार अनुराग बसु ने किया था। जायरीने हज के इस्तकबालिया प्रोग्राम में यह किताब अवाम को सुपुर्द की गई।
