Wednesday, May 13, 2026

आम्रपाली कॉलोनी, भिलाई में श्री राम मंदिर का भव्य उद्घाटन 14 मई को

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्थित एम.पी. हाउसिंग बोर्ड के समीप आम्रपाली कॉलोनी में भगवान श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण होकर श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो गया है। कॉलोनीवासियों की आस्था, समर्पण एवं सामूहिक सहयोग से निर्मित यह मंदिर अब क्षेत्र के लोगों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर निर्माण पूर्ण होने से कॉलोनीवासियों में अत्यंत हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।आम्रपाली कॉलोनी भिलाई नगर निगम क्षेत्र की एक सुव्यवस्थित, शांत एवं सर्वसुविधायुक्त कॉलोनी है, जहाँ वर्तमान में लगभग 250 परिवार निवासरत हैं। कॉलोनी के निवासी वर्षों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं एकता की भावना के साथ जीवनयापन करते आ रहे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से एक सार्वजनिक एवं सुविधायुक्त श्री राम मंदिर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ताकि श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों एवं पूजा-अर्चना के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सके। भगवान श्रीराम की कृपा एवं कॉलोनीवासियों के अथक सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित सपना अब साकार हो गया है।

श्री राम मंदिर का भव्य उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह दिनांक 14 मई 2026 को बड़े हर्षोल्लास एवं धार्मिक बातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस शुभअवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय एवं वैशाली नगर भिलाई के विधायक रिकेश सेन की गरिमामयी उपस्थिति में मंदिर का विधिवत उद्घाटन संपन्न होगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।

समिति अध्यक्ष पी.एस. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत पूजा-अर्चना, हवन, धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए विशेष प्रसाद वितरण, दोपहर से रात्रि तक खिचड़ी वितरण एवं विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल के मुख्यद्वार के समीप भोजन एवं प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था रहेगी, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से प्रसाद ग्रहण कर सकें।

समिति के सदस्यों ने बताया कि यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं होगा, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा, जहाँ समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर निर्माण में कॉलोनी के सभी नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके लिए समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news