भिलाई : न्यूज़ 36 : विश्व फार्मेसी दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं समारोह का आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल, रायपुर के तत्वावधान में किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के लगभग 85 फार्मेसी महाविद्यालयों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता, स्किटून्स (Scitoons) एवं क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य फार्मेसी शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, प्रतिजैविक (एंटीबायोटिक्स) औषधियों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका को प्रोत्साहित करना था।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई के अंतर्गत संचालित श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेस एंड रिसर्च की बी. फार्मेसी पंचम सेमेस्टर की फाजिला फिरदौस, खुशी साहू, वाय श्रेया ने पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय एवं संस्थान का गौरव बढ़ा है।
इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. हेमंत बड़वाईक, एचओडी डॉ. आलोक सिंह ठाकुर तथा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. धनुष राम तुरकाने ने विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. हेमंत बड़वाईक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। साथ ही, विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है और विद्यार्थियों को भविष्य में भी शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
