7-8 संदिग्ध हिरासत में इलाके में सनसनी
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीती रात की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी चंदू देवांगन के रुप में हुई है। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 से 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंदू देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर मृतक और दूसरे पक्ष के बीच तनाव बना हुआ था। बीती रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर चंदू देवांगन की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और संदिग्धों की तलाश शुरु की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 से 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात के घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
इस मामले में कोतवाली थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 0663/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(1), 191(2), 191(3), 331(8) एवं 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल ने की है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद हत्या की पूरी जानकारी और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।
