नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित छात्रावास में जीई फाउंडेशन की पहल
भिलाई : न्यूज़ 36 : नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर सामाजिक संगठन गोल्डन एम्पथी (जीई) फाउंडेशन ने प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी संजीवनी बालिका आवासीय छात्रावास, दुर्ग में छात्राओं के लिए स्कूल बैग, नोटबुक एवं स्टेशनरी का वितरण किया। इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना, शिक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए लगन, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ शिक्षा प्राप्त करने का संदेश दिया। जीई फाउंडेशन द्वारा वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे प्रयासों की श्रृंखला में यह कार्यक्रम भी एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
इस अवसर पर जीई फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप पिल्लई ने कहा कि संजीवनी बालिका आवासीय छात्रावास की बेटियाँ कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिस लगन और मेहनत से अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही हैं, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में सीता अग्रवाल, सहायक परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा, दुर्ग तथा धनेश्वरी साहू, अधीक्षिका, संजीवनी बालिका आवासीय छात्रावास, दुर्ग उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में संतोषी निर्मलकर एवं छात्रावास के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
जी फाउंडेशन की ओर से सुभागा सुरेश, डॉ. ज्योति पिल्लई, सुरुचि टावरी, मृदुल शुक्ला, अनुपमा मेश्राम, मोनिका सिंह, भारती वर्मा, पार्थ टावरी एवं अजीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
