Monday, August 3, 2026

कार का शीशा तोड़ 4.90 लाख रुपए उड़ाने वाला गिरोह गिरफ्तार

होंडा शोरूम के कर्मचारी ने साथियों संग रची थी साजिश

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का दुर्ग पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 1.57 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त दो पल्सर बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है।

शोरूम कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया निकला, जो उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है। पुलिस के अनुसार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले पीड़ित की गतिविधियों की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

कार का शीशा तोड़ उड़ाया था कैश

घटना 28 जुलाई 2026 की है। मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी मारुति स्विफ्ट कार (CG 07 CR 7983) में 4.90 लाख रुपये काले रंग के बैग में रखकर पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरुम पहुंचे थे। कार खड़ी कर वे दूसरे काम से चले गए। इसी दौरान बदमाशों ने कार का अगला शीशा पत्थर से तोड़कर नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया।

सैकड़ों सीसीटीवी खंगालकर पहुंचे आरोपियों तक

वारदात के बाद एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

सहकर्मी से मिलती थी जानकारी

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी को उसकी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से पीड़ित की गतिविधियों की जानकारी मिलती थी। आरोपियों ने पहले से यह पता कर लिया था कि पीड़ित अक्सर बड़ी रकम लेकर आता है और कार बाहर खड़ी करता है।
इसी जानकारी के आधार पर चोरी की योजना बनाई गई।

5 आरोपी गिरफ्तार :  भुवनेश्वर डहरिया (23), कुंद्रापारा, दुर्ग

संजय साहू (22), कुंद्रापारा, दुर्ग

जितेंद्र कुमार साहू (28), रुआबांधा, भिलाई

सपना राजपूत (20), कोलियाहापुरी, दुर्ग

संतोष जोशी (48), कुंद्रापारा, दुर्ग

नकदी और वाहन जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 1.57 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल दो पल्सर मोटरसाइकिल (CG 07 CZ 2010, CG 07 CU 0220) और एक एक्टिवा स्कूटी (CG 07 CZ 6093) भी जब्त की गई है।

शेष रकम की तलाश जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में शेष चोरी गई राशि की बरामदगी और आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन में नगदी या अन्य कीमती सामान छोड़कर न जाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news