रीजनल डायरेक्टर से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की, दी जान से मारने की धमकी, सुपेला पुलिस में FIR
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई के जुनवानी स्थित सूर्या मॉल में संचालित इंटरनेशनल इंस्ट्यूट एज्युकेशन कार्यालय में घुसकर हंगामा, तोड़फोड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सुपेला पुलिस ने पूर्व कर्मचारी सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, संस्थान की रीजनल डायरेक्टर श्रीमती सुमी सुजीत ने शिकायत दर्ज कराई है कि संस्थान में पूर्व में काउंसलर के पद पर कार्यरत तविशा बनर्जी को कार्य में रुचि नहीं लेने और संस्थान की छवि खराब होने के कारण मार्च 2026 में सेवा से हटा दिया गया था। संस्था के अनुसार, नौकरी समाप्त करते समय उसका पूरा वेतन भी दे दिया गया था।
शिकायत के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सुमी सुजीत, उनके पति एवं डायरेक्टर सुजीत सुशीलन तथा एडमिशन मैनेजर रितु मुखर्जी कार्यालय में बैठक कर रहे थे। इसी दौरान तविशा बनर्जी अपने कुछ साथियों के साथ जबरन कार्यालय में घुस गई और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए कार्यालय में रखे सामान से तोड़फोड़ की तथा कार्यालय की लाइट बंद कर दी।
शिकायत में आरोप है कि मीटिंग समाप्त होने के बाद बात करने की बात कहने पर तविशा बनर्जी ने जान से मारने की धमकी देते हुए सुमी सुजीत को जोर से धक्का दे दिया। रितु मुखर्जी ने उन्हें संभाला। बीच-बचाव करने पहुंचे सुजीत सुशीलन और रितु मुखर्जी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
प्रार्थिया ने बताया कि घटना से कार्यालय का पूरा स्टाफ भयभीत है। हालांकि धक्का-मुक्की में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सुमी सुजीत की रिपोर्ट पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 966/2026 दर्ज करते हुए आरोपी तविशा बनर्जी एवं अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(2), 333 और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
