Monday, November 16, 2026

कलेक्टर दुर्ग का फर्जी आदेश, जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करना दो युवकों को भारी पड़ गया। दोनों आरोपी इस कूटरचित आदेश को लेकर आबकारी कार्यालय पहुंचे और वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त अपनी मोटरसाइकिल छुड़ाने का प्रयास करने लगे। दस्तावेजों के सत्यापन में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति भी जप्त की है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा 14 नवंबर को आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।

सत्यापन में खुल गई फर्जी आदेश की पोल

आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत आदेश की जांच और सत्यापन कराया गया तो वह फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत थाना भिलाई भट्ठी में की गई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु की।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम पर फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जप्त की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने अपराध क्रमांक 0180/26 के तहत धारा 318(2), 318(3), 318(4), 336(3), 338 एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी :  जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।

युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सउनि पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपीलः पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र एवं अन्य आधिकारिक दस्तावेजों की सत्यता संबंधित विभाग से अवश्य जांचें। AI या डिजिटल माध्यमों से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करना और उनका उपयोग करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news