39 लाख नकद और 1.65 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त,
120 मामलों में व्यापक कार्रवाई, संगठित अपराध पर कसा शिकंजा
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा के बढ़ते नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पूरे जिले में 120 मामलों में कार्रवाई करते हुए 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान ₹39.29 लाख नकद, 522 मोबाइल फोन, 32 लैपटॉप, 70 वाहन तथा करीब ₹1.65 करोड़ से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर साइबर तकनीक से कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने बताया कि पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक साइबर तकनीक का उपयोग करते हुए ऑनलाइन सट्टा गिरोहों तक पहुंच बनाई गई। मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर पूरे नेटवर्क की पहचान की गई। इसके आधार पर मुख्य संचालकों, आर्थिक लाभ लेने वालों और तकनीकी सहयोगियों तक कार्रवाई का दायरा बढ़ाया गया।
21 मामलों में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं
भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू होने के बाद दुर्ग पुलिस ने वर्ष 2026 में दर्ज 21 जुआ और सट्टा प्रकरणों में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। पुलिस का कहना है कि अब केवल मौके पर पकड़े गए आरोपियों पर कार्रवाई तक सीमित न रहकर पूरे सिंडिकेट, आर्थिक नेटवर्क और अपराध से अर्जित संपत्ति की भी गहन जांच की जा रही है।
जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा के अलग-अलग आंकड़े
जुआ के खिलाफ कार्रवाई
दर्ज प्रकरण : 30
गिरफ्तार आरोपी : 221
जब्त नकदी : ₹22,80,415
111 मोबाइल और 56 वाहन सहित लगभग ₹48.18 लाख की सामग्री जब्त।
सट्टा के खिलाफ कार्रवाई
दर्ज प्रकरण : 65
गिरफ्तार आरोपी : 155
जब्त नकदी : ₹9,22,677
221 मोबाइल, 16 लैपटॉप और 8 वाहन सहित करीब ₹63.96 लाख की सामग्री जब्त ।
ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ कार्रवाई
दर्ज प्रकरण : 25
गिरफ्तार आरोपी : 101
जब्त नकदी : ₹7,26,120
190 मोबाइल, 16 लैपटॉप और 6 वाहन सहित लगभग ₹53.39 लाख की सामग्री जब्त ।
समग्र उपलब्धि
वर्ष 2026 के दौरान दुर्ग पुलिस ने कुल 120 प्रकरणों में 477 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹39,29,212 नकद, 522 मोबाइल, 32 लैपटॉप, 70 मोटरसाइकिल एवं कार और करीब ₹1.65 करोड़ से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त की। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के आर्थिक और तकनीकी नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एसएसपी के निर्देशन में चला अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, साइबर सेल और विशेष जांच टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों के संग्रह, वित्तीय लेन-देन की निगरानी और लगातार दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रुम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराधों के विरुद्ध नए आपराधिक कानूनों के तहत भविष्य में भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
