Sunday, July 12, 2026

दुर्ग पुलिस ने 8 सिलसिलेवार चोरियों का किया खुलासा, 32 लाख का मशरुका बरामद

MR की नौकरी छोड़ आर्थिक तंगी में बना चोर, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले में सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की आठ वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख रुपये कामशरुका बरामद किया है, जिसमें लगभग 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के जेवर, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 जुलाई की रात एक संदिग्ध सफेद इंडिगो कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक के भागने की कोशिश करने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

वाहन की तलाशी में दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, सब्बल, पेचकस और अन्य उपकरण मिले। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई आठ चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा (41), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल, पूर्व में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य करता था। पूछताछ में उसने बताया कि ऑनलाइन लोन ऐप से लिए गए कर्ज और बढते आर्थिक दबाव के कारण उसने चोरी का रास्ता अपनाया। उसका साथी तुषार मिश्रा (40), निवासी कैलाश नगर, भिलाई, चोरी से प्राप्त रकम अपने बैंक खाते में लेने में उसकी मदद करता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के सोने के आभूषणों को विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेते थे। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस, बजाज गोल्ड फाइनेंस सहित अन्य संस्थानों से गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
इन मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र के साकेत कॉलोनी, मधुबन नगर, विराट नगर, सुंदर नगर और जगदीश विहार में दर्ज कुल 8 चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बरामद सामान

लगभग 168 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत करीब ₹25 लाख)

150 ग्राम चांदी के आभूषण

2 एलईडी टीवी

1 डीवीआर

चोरी में प्रयुक्त सब्बल, पेचकस व अन्य औजार

1 इंडिगो कार

1 फोर्ड इकोस्पोर्ट

1 एक्सेस स्कूटी

दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मकान सना छोड़ने से पहले स्थानीय पुलिस या विश्वसनीय पड़ोसियों को सूचना दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news