दुर्ग : न्यूज़ 36 : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2.185 किलोग्राम गांजा, कार और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
इमली तालाब के पास हुई कार्रवाई
19 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जुनवानी स्थित इमली तालाब के पास एक व्यक्ति वाहन में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
2 किलो से अधिक गांजा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.185 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त सेंट्रो कार (CG 04 B 9230) और मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 71 हजार रुपये आकी गई है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पकड़े गए आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार प्रजापति (40 वर्ष), निवासी आर्य नगर कोहका, दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, उप निरीक्षक दीपक सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस ने की अपील :
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूती देने वाली मानी जा रही है।
