दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालन मामले में कार्रवाई तेज करते हुए चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के कंडरापारा में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषभ नगर निवासी विकास जैन आईपीएल क्रिकेट मैच में मोबाइल फोन और ऑनलाइन एप के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन लोगों को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विकास जैन, रौनक ताम्रकार और प्रवीण ताम्रकार बताए। इनके कब्जे से मोबाइल फोन, पॉकेट डायरी, नगदी रकम और ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित सामग्री बरामद की गई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 तथा धारा 112 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर प्रकरण में संलिप्त चार अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अक्षत बोहरे, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अय्युब और प्रकाश सोनी ने अपराध स्वीकार किया। इनके कब्जे से चार अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 8 मोबाइल फोन, 9,810 रुपये नकद, सट्टा लेखा-जोखा संबंधी पॉकेट डायरी और डॉट पेन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 89,810 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित रूप से ऑनलाइन माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों में हार-जीत पर अवैध दांव लगाकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा, जुआ या ऑनलाइन अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
