Friday, May 8, 2026

यातायात जवान की सतर्कता से बीच सड़क विवाद टला

भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार चौक के पास बीच सड़क कार चालक से मारपीट कर रहे दो युवकों को यातायात जवान की त्वरित सूझबूझ और सतर्कता से समय रहते हटाया गया, जिससे संभावित दुर्घटना और बड़ी अनहोनी टल गई।

पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को खुर्सीपार चौक में ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक बेनु राम ने ड्यूटी के दौरान खुर्सीपार चौक से करीब 500 मीटर पहले दुर्ग से रायपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर दो युवकों को एक कार चालक से विवाद और मारपीट करते देखा। घटना के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक बेनु राम तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को हटाकर समझाइश देने का प्रयास किया। इसके बावजूद जब विवाद शांत नहीं हुआ तो उन्होंने सख्ती दिखाते हुए पेट्रोलिंग वाहन बुलाने की सूचना दी। पुलिस वाहन आने की जानकारी मिलते ही दोनों युवक मौके से भाग निकले।

इसके बाद यातायात जवान ने तत्काल सड़क पर आवागमन सामान्य कराया और यातायात व्यवस्था को फिर से सुचारु कर दिया। यातायात पुलिस के अनुसार जवान की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और साहसिक कार्रवाई से सड़क पर संभावित दुर्घटना एवं अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

इस कार्रवाई में यातायात आरक्षक बेनु राम की कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता की सराहना की जा रही है।

दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार का विवाद, मारपीट या कानून व्यवस्था की स्थिति बनने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 अथवा यातायात पुलिस हेल्पलाइन 9479192099 और 9479192029 पर सूचना दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news