दुर्ग : न्यूज़ 36 : स्कूल बस को मोड़ने के दौरान हुए विवाद में एक बाइक सवार ने बस में घुसकर बस चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना के वक्त बस में स्कूली बच्चे सवार थे, जो इस घटना से भयभीत हो गए। डीएवी पब्लिक स्कूल हुडको प्रबंध की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी वसीम अली के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डीएवी पब्लिक स्कूल हुडको भिलाई के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज राजेंद्र कुमार अहीरवाल ने लिखित शिकायत में बताया कि स्कूल की बस रिलायंस ट्रैवल्स द्वारा संचालित है। 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:50 बजे स्कूल बस क्रमांक CG 07 BW 5792 का चालक जय ठाकुर बस लेकर आदित्य नगर स्थित अंबे दुकान के पास मोड़ रहा था।
इसी दौरान एक दोपहिया वाहन चालक वहां पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, बस और बाइक के बीच कोई दुर्घटना नहीं हुई थी, इसके बावजूद बाइक चालक ने अपना वाहन रोककर स्कूल बस में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया और बस चालक जय ठाकुर के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोट आई।
घटना के समय बस में बच्चे मौजूद थे। मारपीट की घटना से बच्चे डर गए और स्कूल बस में बैठने को लेकर भयभीत होने लगे। स्कूल प्रबंधन ने इसे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
शिकायत के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी वसीम अली के खिलाफ अपराध क्रमांक 0856/26 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
