4 नाबालिगों की काउंसलिंग, 2 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
भिलाई : न्यूज़ 36 : सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी, नशाखोरी, हथियारों का प्रदर्शन और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर सेल और पुलिस टीम ने ऐसे 6 व्यक्तियों को चिन्हांकित कर तलब किया, जो इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक एवं विवादित सामग्री पोस्ट कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान चिन्हित किए गए 6 व्यक्तियों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई, जिसमें भड़काऊ, आपत्तिजनक और असामाजिक गतिविधियों से संबंधित पोस्ट पाए गए। जांच में 6 में से 4 व्यक्ति नाबालिग पाए गए। उनके मोबाइल फोन से विवादित पोस्ट तत्काल हटवाए गए तथा उनके अभिभावकों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। साथ ही नाबालिगों को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी और सामाजिकदुष्परिणामों की जानकारी देते हुए काउंसलिंग के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान नाबालिगों और उनके परिजनों को समझाया गया कि सोशल मीडिया पर की गई एक भड़काऊ पोस्ट भी सामाजिक तनाव, आपसी विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बन सकती है। सभी ने भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का आश्वासन दिया।
वहीं दो वयस्क युवकों के मोबाइल फोन में भी आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री मिलने पर उसे हटवाया गया तथा उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए युवकों की पहचान सेक्टर-11 निवासी 23 वर्षीय कुलदीप सिंह और प्रगति नगर कैंप-1 निवासी 21 वर्षीय दुर्गेश सोनी के रुप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट संचालक स्वयं को ‘किंग’ ‘डॉन’ औरऔर ‘गैंगस्टर’ जैसे नामों से प्रचारित कर रहे थे तथा हथियारों, नशे और असामाजिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो और फोटो पोस्ट कर रहे थे। ऐसे अकाउंटों को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि लड़ाई-झगड़े, मारपीट, गाली-गलौज, नशाखोरी, हथियारों के प्रदर्शन तथा धार्मिक या सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
