भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर थाना क्षेत्र के डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार खुर्सीपार निवासी योगेश सूर्यवंशी (32 वर्ष) ने अस्पताल में दिए बयान में बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे वह सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली की ओर लौट रहा था। डीपीएस चौक के पास पहुंचते ही पीछे से पल्सर बाइक पर आए युवकों ने उसके सिर पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार वह किसी तरह आगे बढ़ा, लेकिन आरोपियों ने उसकी बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी हरीश यादव ने उसके गले के पास किसी धारदार हथियार से वार किया। वहीं अमन मुर्ति और प्रखर चंद्राकर ने बटनदार चाकू और कटर से उसकी गर्दन और दोनों पैरों पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रुप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।घटना के दौरान राहगीरों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में भर्ती कराया गया। वर्तमान में उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या करने की नीयत से हमला किया।
भिलाई नगर पुलिस ने योगेश सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज करते हुए आरोपी हरीश यादव, अमन मुर्ति और प्रखर चंद्राकर के खिलाफ धारा 109 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
