भिलाई : न्यूज़ 36 : वर्चस्व की रंजिश में हत्या का प्रयास करने वाले मामले में पुलिस ने दो महिला सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक फरार आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है। आरोपियों ने पीड़िता के घर पहुंच कर मारपीट करते हुए ज्वलनशील पदार्थ डालकर हत्या करने का प्रयास किया था। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया शीतल वर्मा निवासी पीएम आवास खम्हरिया चौकी स्मृति नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जुलाई को आरोपी परी खान के साथ लक्की सरदार को लेकर विवाद हुआ था। उस विवाद से नाराज होकर 2 जुलाई को परी खान ने अपने पति लक्की सरदार निवासी प्रधानमंत्री आवास खम्हरिया, बहन मुस्कान निवासी मच्छीपुर कामठी नागपुर तथा जीजा राहुल यादव निवासी मच्छीपुर कामठी नागपुर महाराष्ट्र के साथ मिलकर पीड़िता की हत्या करने की योजना बनाई थी। रात में सभी आरोपी ज्वलनशील पदार्थ लेकर पीड़िता के घर पहुंचे थे। आरोग्य ने शीतल के साथ मारपीट की तथा उसके ऊपर एवं घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर हत्या करने का प्रयास किया था। पीड़िता किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 296, 351 (3), 115 (2) 3 (5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के फरार होकर नागपुर जाने की संभावना पर तत्काल टीम लगा दी थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूर्व में लक्की सरदार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की बात से नाराज होकर वे लोग हत्या की योजना बनाए थे। पुलिस ने आरोपी परी खान, मुस्कान एवं राहुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मुख्य आरोपी लक्की सरदार की तलाश की जा रही है।
