प्रेमी को पैसे की जरूरत होने पर दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने आरोपिता और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार
भिलाई : स्मृति नगर चौकी पुलिस ने मालिक के घर में विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी करने वाली केयरटेकर और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी 23,500 रुपये और दो मोबाइल फोन सहित कुल 43,500 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सूर्या विहार कालोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखरेख के लिए ममता चौहान पिछले करीब दो वर्षों से केयरटेकर के रूप में काम कर रही थी। 26 और 27 जून को घर में शादी समारोह होने से पूरा परिवार व्यस्त था।
इसी दौरान ममता ने मौका पाकर अलमारी में रखी नगदी चुरा ली और बिना किसी सूचना के काम छोड़कर चली गई। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में ममता ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की जरूर बताकर उसे चोरी के लिए उकसाय था।
