Friday, June 26, 2026

बीती रात युवक की सेक्टर 1फ्लाईओवर के नीचे पड़ी मिली लाश, पहचान नहीं हो सकी

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में होली की रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की लाश सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक फ्लाईओवर के नीचे पड़ी मिली। घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे राहगीरों ने फ्लाईओवर के नीचे एक युवक को पड़े देखा। पास जाकर देखने पर वह मृत मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ है।

FSL टीम कर रही जांच

घटनास्थल का निरीक्षण FSL टीम ने किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास की स्थिति की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत फ्लाईओवर से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि यह हादसा है या आत्महत्या, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फ्लाईओवर से गिरने का प्रतीत हो रहा है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। वहीं भिलाई भट्टी थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news