Wednesday, September 23, 2026

राधा कृष्ण ज्वेलर्स में चाकूबाजी : चैन गिरवी रखने से किया था ज्वेलर्स ने इंकार

पद्मनाभपुर के आदर्श नगर में वारदात से मचा हड़कंप, दुकानदार के हाथ और गाल पर आई चोट

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में मंगलवार शाम ज्वेलर्स दुकान के भीतर हुई चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। राधाकृष्ण ज्वेलर्स में चांदी की चैन गिरवी रखने पहुंचे एक युवक ने दुकानदार के मना करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, 53 वर्षीय रंजन पालित आदर्श नगर स्थित राधाकृष्ण ज्वेलर्स का संचालन करते हैं। मंगलवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच एक अज्ञात युवक दुकान पर चांदी की चैन लेकर पहुंचा और उसे गिरवी रखने की बात कही। दुकानदार द्वारा चैन गिरवी रखने से इनकार किए जाने पर युवक कथित रूप से आक्रोशित हो गया।

बताया जा रहा है कि युवक ने पहले रंजन पालित के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद चाकू निकालकर उनके हाथ और गाल पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

घायल रंजन पालित विद्युत नगर, फुरग साईं नगर के पास रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी।

पुलिस आरोपी की पहचान के प्रयास में जुटी है। घटना की परिस्थितियों और आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा सकते हैं। पुलिस जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news