आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर स्थित पात्रा तालाब पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कल दोपहर को किया गया। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर विवाद के बाद युवक के दोनों हाथ, भुजा और पेट में चाकू से करीब पांच-छह वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कुम्हारी ले जाया गया।
कुम्हारी पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को घायल युवक लोकेश साहू उर्फ मनीष साहू की मां धनेश्वरी साहू (36) सब्जी मंडी कुम्हारी में हमाली का काम करने गई थीं। इसी दौरान उनकी बेटी मनीषा साहू ने उन्हें बताया कि उनके भाई लोकेश को पात्रा तालाब मंदिर के पास ढेरु यादव ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलने पर धनेश्वरी अपनी बेटी के साथ अस्पताल पहुंचीं।
अस्पताल में लोकेश ने अपनी मां को बताया कि दोपहर करीब 3 बजे पात्रा तालाब पंचमुखी हनुमान मंदिर, शांतिनगर कुम्हारी के पास भोजराज साहू एवं अन्य युवक मौजूद थे। इसी दौरान भोला यादव उर्फ ढेरु अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान भोला उर्फ ढेरु ने अपने पास रखे चाकू से जान से मारने की नीयत से लोकेश पर हमला कर दिया और उसके दोनों हाथ, भुजा तथा पेट में लगातार करीब पांच-छह वार किए।
हमले में लोकेश गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद भोजराज साहू उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कुम्हारी लेकर पहुंचा।
घायल युवक की मां की रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 0256/26 दर्ज कर आरोपी भोला उर्फ ढेरु यादव एवं उसके साथी के खिलाफ धारा 109(1)-BNS एवं 3(5)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस मामले में आरोपी एवं घटना में शामिल अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
