वैशाली नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सास-देवर गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
भिलाई : न्यूज़ 36 : दहेज की मांग को लेकर बहू को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के साथ अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित की गई महिला
पीड़िता ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति, सास और देवर द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, गंदी गालियां दी जाती थीं और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
अश्लील वीडियो वायरल करने की भी दी धमकी
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पीड़िता को बदनाम करने के उद्देश्य से उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रुप से भी प्रताड़ित किया।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने सुषमा पाण्डेय (50 वर्ष) और अस्वनी पाण्डेय (23 वर्ष), निवासी शांतिनगर, दशहरा मैदान के पास, वैशाली नगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 149/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 296, 119(1), 115(2), 351(3), 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
महिलाओं से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा या महिलाओं के विरुद्ध किसी भी अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
