भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी रोड पर आज मंगलवार को भीषण आग और सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चंदूलाल चंद्राकार स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित फिजियोथैरेपी कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के द्वारा रह कर दिया गया। शोक संतृप्त परिवार से मिलने घटनास्थल कुम्हारी रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार खपरी रोड स्थित एक झोपड़ीनुमा मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अचानक तेज धमाके के साथ घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुख्खनंदन राठौर ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग तथा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरु किया गया। जिला सेनानी अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल मौके से चार शव बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वैष्णव परिवार के चार की मौत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई है।
जिनके नाम इस प्रकार :
अनिल वैष्णव 45 वर्ष
लक्ष्मी वैष्णव 20 वर्ष
चांदनी वैष्णव 18 वर्ष
गोपिका वैष्णव 1 वर्ष
घटना के बाद फिजियोथैरेपी कॉलेज भूमि पूजन का कार्यक्रम स्थगित
जिले के कुम्हारी में घटित घटना के कारण चंदूलाल चंद्राकार स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कचान्दुर में आयोजित शासकीय फिजियोथैरेपी महाविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल का आगमन स्थगित हो गया है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शोक संतृप्त परिवार से वह मिलने जा रहे हैं। फिजियोथैरेपी कॉलेज के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे मंत्रिमंडल विधायक एवं निगम बोर्ड के अध्यक्ष की ओर से संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा घटनास्थल पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन भी उनके साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
