Thursday, July 2, 2026

APK फाइल भेजकर 4 लाख की साइबर ठगी, गुजरात से दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से एपीके (APK) फाइल भेजकर एक व्यक्ति के मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस हासिल किया और उसके बैंक खाते से 4.02 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-5 भिलाई निवासी संजय झा ने 25 फरवरी 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के जरिए एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के बाद उनके मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण संदेश स्वतः किसी अन्य नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे।

इसके बाद उनके बैंक खाते से 4,02,728 रुपये की अनधिकृत ऑनलाइन निकासी कर साइबर ठगी की गई। शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 318 (4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।

विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों की लोकेशन गुजरात राज्य में मिलने पर भिलाई नगर पुलिस की विशेष टीम वहां रवाना हुई और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करलिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अच्छे लाल यादव (37 वर्ष) एवं जोखन प्रसाद यादव (49 वर्ष) निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली के रुप में हुई है। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक या मोबाइल एप्लिकेशन को बिना सत्यापन डाउनलोड न करें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग जानकारी और अन्य गोपनीय सूचनाएं किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने सूचना दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news