सड़क, नाली, बिजली, पानी और सफाई को लेकर मचेगा घमासान
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक 30 सितंबर को बुलाई गई है। सामान्य सभा में होने वाले प्रश्नकाल के लिए पार्षदों ने 48 सवाल लगाए हैं। जिसमें रोड, नाली, बिजली, पानी, सफाई सहित अन्य विषय शामिल हैं। सफाई व बिजली सहित जनहित के अन्य मुद्दों को लेकर सामान्य सभा में हंगामा होने के आसार हैं। इसे ध्यान में रखते हुए महापौर विपक्षी और निर्दलीय पार्षदों को साधने में लगी रही। उन्होंने कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों की अलग-अलग बैठक ली। देर रात एमआइसी प्रभारियों की बैठक लेकर सामान्य सभा में आने वाले विषयों पर चर्चा की।
दुर्ग निगम सामान्य सभा की बैठक 30 सितंबर को सुबह 11 बजे निगम सभागार में बुलाई गई है। सामान्य सभा में दुकानों का आवंटन, साइंस कालेज के निकट केनाल रोड निर्माण, नगरोत्थान योजना के तहत विभिन्न वार्डों के लिए स्वीकृत कार्य सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
सामान्य सभा में होने वाले प्रश्नकाल के लिए पार्षदों ने सवाल भी लगाया है। जिसमें सफाई ठेका, पेयजल सप्लाई, वार्डों में सीसी रोड, नाली निर्माण सहित अन्य विषय शामिल है। सामान्य सभा को लेकर महापौर अलका बाघमार ने सोमवार को अपने कक्ष में कांग्रेस पार्षदों और उसके बाद निर्दलीय पार्षदों की बैठक ली।
महापौर ने पार्षदों से सामान्य सभा के विषयों को लेकर चर्चा की। वहीं सामान्य सभा को लेकर निगम में विपक्षी दल कांग्रेस के पार्षद भी सत्तापक्ष को घेरने की तैयारी में जुट गए हैं।
